शुक्रवार, 26 अप्रैल 2013

कब तक नंगे होते रहेंगे खान

बात शायद सन 90 की है। हम लखनऊ में हुआ करते थे। हमारी एक चंडाल चौकड़ी थी। जिसके नेता स्वर्गीय राम नारायण त्रिपाठी पर्यटक थे। पिछले वर्ष उनका कैंसर से लड़ते हुए असमय निधन हो गया। दूसरे नंबर पर श्री ओमप्रकाश तिवारी और तीसरे नंबर श्री राजेश राय। चौथे नंबर पर नाचीज खुद था। हम तीनों पर्यटक जी के सामने नानवेज बाते नहीं करते थे। इसका मतलब यह नहीं कि जब हम तीनों होते थे तो नानवेज ही बतियाते थे। हां कभी कभी गंभीर मुद्दे पर चरचा करते समय जब जरूरी होता था नानवेज भी हो जाया करता था। प्रदेश में मुलायम सिंह की सरकार थी। उनके श्रम मंत्री आजम खान ने एक दिन बवाल कर दिया। कारण-वह वीवीआईपी गेस्ट हाउस के बाथरूम गुस्ल कर रहे थे तो दरवाजे के एक छोटे से छेद से किसी कर्मचारी ने उन्हें देख लिया था। इसी पर वह भड़क गए। इसकी गाज राज्य संपत्ति विभाग के कई अफसरों पर गिरी। दरवाजे का छेद बंद कराया गया। अखबारों में बड़ी बड़ी खबरें छपीं। और फिर इस गंभीर मुद्दे पर हम तीनों में चरचा हुई कि आजम क्यों बिफरे। अगर वह निर्वस्त्र थे तो यह कोई नई बात नहीं। हमाम में तो सब नंगे होते हैं। या कुछ और कर रहे थे। अब हमारे त्रिगुट जिस अनुमान पर सहमत हुआ, वह हम आपको नहीं बताएंगे। वैसे हम आपको यह बात भी नहीं बताते लेकिन आजम साहब को जब अमेरिका ने नंगा कर तलाशी ली तो हमें यह बात याद आ गई। तब आजम ने यूपी के अधिकारियों के खिलाफ हल्ला मचाया था। क्या अब अमेरिका के खिलाफ हल्ला मचाएंगे। मचाएंगे भी तो क्या कर लेंगे। ओबामा सपाई थोड़े ही हैं। वह तो शाहरूख खान को भी नंगा कर चुके हैं। और सबसे बड़ी बात यह कि अखिलेश क्या करेंगे। चाचू को उनके सामने ही नंगा तो कर ही दिया उनकी भी लानत मनामत की।अब एक गंभीर सवाल। आजम जैसे भी हों। जो भी बकते हों। लेकिन हैं तो हमारे एक प्रदेश के माननीय मंत्री। अमेरिका कब तक ऐसे हमारा अपमान करता रहेगा। कब तक। जब तक मोदी को वीजा न देने पर आजम खान आवाज नहीं उठाएंगे या आजम खान के नंगा किए जाने पर भाजपाई नहीं विरोध जताएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें